रांची,8अगस्त। पंचायतों को अधिकार देने की मांग को लेकर आज आहूत झारखंड बंद का राजधानी रांची समेत राज्य भर में व्यापक असर देखा गया। बंद के दौरान सड़कों पर उतरे कई बंद समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, बाद में सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। छिटपुट घटनाओं को छोड़ कर बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा।

झारखंड राज्य पंचायत परिषद द्वारा आहूत बंद के दौरान राजधानी रांची में अधिकांश दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद के मद्देनजर निजी स्कूल प्रबंधन की ओर से पहले ही एहतियात के तौर पर आज स्कूल बंद की घोषणा कर दी गयी थी। जबकि लंबी दूरी के वाहनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ, बस स्टैंडों पर यात्री परेशान दिखे, हालांकि रेल सेवा पर बंद का कोई खास असर देखने को नहीं मिला। शहर में ऑटो रिक्शा का परिचालन भी अपेक्षाकृत कम रहा। सरकारी कार्यालय और बैंक खुले रहे, लेकिन उपस्थिति प्रभावित हुई। सड़कों पर वाहनों का परिचालन भी आम दिनों की अपेक्षा कम रहा। परिषद के इस बंद को कांग्रेस, झाविमो, राजद, वाम दल समेत अन्य संगठनों ने भी समर्थन किया था।
इस बंद में बड़ी संख्या में निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों की भी भागीदारी दिखी। कुछेक स्थानों पर बंद समर्थकों द्वारा वाहनों के शीशे को तोड़ दिया गया और राहगिरों के साथ धक्का-मुक्की की भी खबर मिली है, लेकिन इन सब घटनाओं को छोड़ दे, तो बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। लेकिन बंद के कारण रोज कमाने-खाने वाले लोग खासे परेशान दिखे।



Posted in