रांची,28अप्रैल । दो सीटों के लिए तीन मई को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर अभी तक सभी दलों द्वारा अपनी-अपनी रणनीति को अंजाम नहीं दिया जा सका है। राज्यसभा चुनाव में डटे कांग्रेस, भाजपा और झामुमो प्रत्याशी पेशोपेश में नजर आ रहा है।
राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी एसएस अहलुवालिया की जीत को लेकर पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर लग गयी है।अपनी जीत सुनिश्चित करने में लगे एसएस अहलुवालिया लगातार पार्टी विधायकों से विचार-विमर्श कर रहे है,हालांकि उनके पिछले कार्यकाल को लेकर पार्टी के अंदर नाराजगी भी साफ झलकती है।
दूसरी तरफ झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन के आग्रह के बावजूद भी भाजपा द्वारा राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी वापस नहीं लेने से झामुमो खेमे में खासी नाराजगी है। पार्टी के इस फैसले से चिंतित झामुमो नेताओं ने अभी कोई रणनीति तैयार नहीं की है, लेकिन इस मसले पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और विधायकों से विचार-विमर्श करने के लिए झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने 30 अप्रैल से 2 मई तक बैठब बुलायी है।बताया गया है कि 30अप्रैल को झामुमो के जिलाध्यक्षों व सचिव की बैठक बुलायी गयी है, वहीं एक मई को केंद्रीय कार्यकारिणी व दो मई को पार्टी विधायकों की बैठक होगी।राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप कुमार बलमुचू अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता रणनीति बनाने में जुट गये है।
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बलमुचू को पार्टी के 13 विधायकों के अलावा राष्ट्रीय जनता दल के पांच विधायकों का समर्थन मिलना तय है, इसके अलावा निर्दलीय बंधु तिर्की, चमरा लिंडा, हरिनारायण राय, एनोस एक्का, गीता कोड़ा और मासस के अरुप चटर्जी का समर्थन मिलने की उम्मीद है। इस तरह कांग्रेस-राजद के 18 विधायकों के अलावा छह निर्दलीयों के समर्थन से कांग्रेस प्रत्याशी को 24 वोट मिलने की उम्मीद है,जो झाविमो के 11 और भाकपा-माले के एक विधायक द्वारा मतदान में हिस्सा नहीं लेने की स्थिति में जीत के लिए पर्याप्त है। इसके बावजूद पार्टी की ओर से झाविमो से समर्थन हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी के कुछ नेता लगातार झाविमो नेताओं से संपर्क में है। झाविमो का समर्थन हासिल हो जाने के बाद कुछ निर्दलीय विधायकों के इधर-उधर होने की स्थिति में भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय हो जाएगी।
रास चुनाव को लेकर सभी दल असमंजस्य में
Posted by editor on April 28th, 2012



Posted in