सैकड़ों छठ घाट में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया
झारखंड सरकार की ओर से मंत्री रामेश्वर उरांव ने कृत्रिम तालाब में अर्घ्य अर्पित किया
रांची। सूर्योपासना और लोक आस्था का महान पर्व छठ पूजा (Chhath festival) को लेकर आज श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखा। छठव्रतियों ने शाम में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। झारखंड सरकार की ओर से वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने रांची के डोरंडा स्थित छप्पन सेट में निर्मित्त कृत्रिम तालाब में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
राजधानी में दर्जनों कृत्रिम तालाब,45 तालाब और दो डैम तथा तीन नदियों के विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने अर्घ्य अर्पित किया।
शहर के कई प्रमुख छठ घाटों, कांके डैम, हटिया डैम, बड़ा तालाब और अन्य कुछ बड़े तालाबों में एनडीआरएफ की टीम की तैनात रही। वहीं सभी छठ घाटों पर लाइटिंग और चेजिंग रूम की भी व्यवस्था की गयी थी। इस वर्ष अच्छी बारिश के कारण अधिकांश तालाब, डैम और नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ रहा, इसलिए रेड रिबन लगाकर गहराई वाले स्थानों को चिह्नित किया गया था और श्रद्धालु तथा छठव्रती भी रेड रिबन के अंदर ही रहकर अर्घ्य अर्पित किया।
छठ समितियों की ओर से सभी छठ घाटों की साफ-सफाई कर उसे आकर्षक ढंग से सजाया गया। दूसरी ओर छठ घाटों समेत चारों तरफ बज रहे छठ के धार्मिक गीतों ने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया था। इस बीच छठ घाटों की ओर जा रहे छठ व्रतियों को सामाजिक संस्थाओं द्वारा रास्ते में फल आदि का भी वितरण किया जा रहा था। इधर पारंपरिक ढोल-नगाड़े व गाजे-बाजे के साथ छठव्रती रास्ते में मत्था टेकते हुए घाटों पर पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को आज तालाबों में खड़े होकर पहला अर्घ्य अर्पित किया। तत्पश्चात विभिन्न छठ घाटों पर छठ व्रतियों तथा श्रद्धालुओं द्वारा अस्ताचलगामी भगवान भास्कर की पूरे लगन व श्रद्धा के साथ पूजा अर्चना की गई।
गुरुवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अंतिम अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा। छठ महापर्व को लेकर शहर में यातायात मार्ग को भी परिवर्त्तित किया गया था और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए थे।

More Stories
झारखंड के 17 जिलों के DC का तबादला-नियुक्ति , आपके जिले में कौन बना डीसी देखिए पूरी लिस्ट
हजारीबाग का विष्णुगढ़ नाबालिक हत्याकांड; मां की दरिंदगी और अंधविश्वास ने ली मासूम की नरबलि, कहानी पढ़ खड़े हो जाएंगें रोंगटे
असम चुनाव में JMM के दो प्रत्याशियों का नामांकन पर्चा खारिज, सरुपाथर और माकुम में झटका