September 25, 2026

view point Jharkhand

View Point Jharkhand

विस में जेपीएससी मुद्दे पर हंगामा, 2926.12करोड़ का अनुपूरक बजट पेश

Spread the love


हंगामे के बीच चली प्रश्नोत्तरकाल की कार्यवाही
रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित अनियमितता के मुद्दे को लेकर विपक्षी विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। हंगामे के कारण सभा की कार्यवाही को एक बार स्थगित भी करना पड़ा, वहीं भाजपा सदस्यों के हंगामे के बीच ही वित्तमंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव ने चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया। 2926.12 करोड़ रुपये के द्वितीय अनुपूरक बजट पर सोमवार को सभा में चर्चा होगी और उसे पारित कराया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने हंगामे की वजह से भाजपा विधायक जयप्रकाश भाई पटेल को एक बार मार्शल आउट भी करने का निर्देश दिया और करीब 25 मिनट तक सदन की कार्यवाही को स्थगित भी करना पड़ी। लेकिन सदन की कार्यवाही फिर से शुरू होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से मर्यादा का ख्याल रखने का आग्रह किया तथा जयप्रकाश भाई पटेल को आसन ग्रहण कर सदन की कार्यवाही में भाग लेने की अनुमति दे दी।
इससे पहले आज पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही भाकपा-माले विधायक विनोद कुमार सिंह ने जेपीएससी पीटी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मामले की सीबीआई जांच और आयोग के अध्यक्ष अमिताथ चौधरी को पद से हटाने की मांग की। इसके साथ ही भाजपा के कई विधायकों के अलावा आजसू पार्टी के लंबोदर महतो और निर्दलीय अमित यादव भी अपने क्षेत्र की समस्याओं से जुड़ा बैनर दिखाया,जिसे मार्शल ने जब्त कर लिया। बीजेपी  विधायकों के हंगामे के बीच प्रश्नोत्तरकाल की कार्यवाही शुरू हुई। हंगामे के बीच ही सत्तापक्ष के कई सदस्यों के सवालों पर सरकार की ओर से प्रभारी मंत्रियों की ओर से जवाब दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न सदस्यों द्वारा लाये गये कार्यस्थगन प्रस्ताव को अमान्य कर दिया।
इधर, विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच ही सरकार की ओर से
जवाब दिया गया। लेकिन हंगामा थमता नहीं देख कर विधानसभा अध्यक्ष ने पूर्वाह्न 11.50मिनट पर सभा की कार्यवाही  अपराह्न 12.15मिनट तक के लिए स्थगित कर दी। सभा की कार्यवाही दुबारा शुरू होने पर वित्तमंत्री ने सदन में द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सभा की कार्यवाही सोमवार 20दिसंबर पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

About Post Author