September 25, 2026

view point Jharkhand

View Point Jharkhand

अवैध कोयला खनन के दौरान चाल धंसने से कई लोगों की मौत

Spread the love


11 लोगों के शवों को निकाला गया
धनबाद। धनबाद जिले में निरसा अनुमंडल के मुगमा और पंचेत थाना क्षेत्र में अवस्थित तीन खदानों से अवैध कोयला खनन के दौरान चाल धंसने से कई लोगों की मौत हो गयी। अब तक 11 लोगों के शवों को निकाला जा चुका है। बताया गया है शाम तक ईसीएल की गोपीनाथपुर खदान से 5 लोगों के शव मिले हैं, जिसमें से 4 शवों को पुलिस ने मलबे से बरामद किया, जबकि एक शव को कोयला खनन में लगे साथी मजदूर लेकर भाग निकले। जबकि कापासारा आउटसोर्सिंग से तीन शव और बीसीसीएल की बंद पड़ी दहीबाड़ी सी पैच से 3 शव निकाले गए हैं। मलबे को हटाने का काम देर शाम तक जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में और भी शव दबे हो सकते हैं।
बताया गया है कि हादसे बीसीसीएल और ईसीएल की बंद पड़ी कोयला खदानों में हुए। ईसीएल की गोपीनाथपुर खदान में सुबह करीब 4.30 बजे चाल धंसने से कई लोग दब गए।  वहीं बीसीसीएल सीवी एरिया के बंद पड़े आउटसोर्सिंग सी पैच में कोयला तस्करी के दौरान चाल धंसने से तीन महिलाओं की मौत की सूचना है। तीसरा हादसा कापासारा आउटसोर्सिंग में हुआ। निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाली कापासारा आउटसोर्सिंग परियोजना में मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे आउटसोर्सिंग खदान में अवैध मुहाने से कोयला उत्खनन के दौरान चाल गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद आउटसोर्सिंग में अवैध ढंग से कोयला चुनने वालों में भगदड़ मच गई और आउटसोर्सिंग परियोजना में सन्नाटा पसर गया। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह रोज की तरह सैकड़ों लोग कोयला उत्खनन करने खदान में उतरे थे। रावण सीढ़ी नामक स्थान के समीप बने मुहाने के अंदर लोग कोयला काट रहे थे। इसी दौरान अचानक चाल गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई। उनके सहयोगी मलबे से शवों को निकाल कर ले भागे।

About Post Author