रांची। श्रावण माह की दूसरी सोमवारी को लेकर राज्य भर के शिवालयों को सजा दिया गया है. राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर, चुटिया में बूढ़ा महादेव, खूंटी के आमरेश्वर धाम सहित सैकड़ों शिवालयों में जलाभिषेक को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. पर भक्तों की तरफ से शिवालयों में रविवार के दिन ही सुबह से जलाभिषेक को लेकर तांता लगा रहा. रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में सुबह से ही लोग बिल्व पत्र और अन्य सामग्रियों से अपने अराध्य भगवान भोलेनाथ की पूजा करते दिखे. सोमवार को सुबह चार बजे से ही मंदिर के पट भक्तों के लिए खोल दिये जायेंगे. जिला प्रशासन की तरफ से पहाड़ी मंदिर परिसर में जलाभिषेक करने के लिए पूरी तैयारियां कर ली गयी हैं. वहीं राज्य के खूंटी जिले स्थित आमरेश्वर धाम में भगवान भोलेशंकर की पूजा करने के लिए सोमवारी से पहले दूसरे रविवार को हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी. आज लगभग 50 हजार शिवभक्त आम्रेश्वर धाम पहुंचे और भोले नाथ की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया. साथ ही अपने एवं अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. महिला और पुरुषों के लिए अलग अलग कतार की व्यवस्था की गई है. हजारों की संख्या में महिलाएं और युवा भी जलाभिषेक करते देखे गए. जिला प्रशासन के निर्देश पर आम्रेश्वर धाम मे एक महीना तक चलने वाले श्रावणी मेले को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था है. बनई नदी से शिवभक्त पवित्र जल लेकर आम्रेश्वर धाम पहुंचते हैं इसलिए धाम परिसर में पुलिस बल के जवान मुश्तैद रहते हैं. बनई नदी से लेकर धाम परिसर एवं इसके आसपास रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है. श्रावणी मेले में लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए धाम परिसर में कई सीसी टीवी कैमरे लगाये गये हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए धाम परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है. खोया-पाया केन्द्र स्थापित है. श्रद्धालुओं को धाम परिसर में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके मद्देनजर आम्रेश्वरधाम प्रबंधक समिति द्वारा दर्जनों वोलेंटियर को जिम्मेदारी दी गयी है. नगर पंचायत, खूंटी द्वारा धाम परिसर में साफ-सफाई करायी जाती है. धाम परिसर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, स्नानागार,शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था की गयी है.

More Stories
झारखंड के 17 जिलों के DC का तबादला-नियुक्ति , आपके जिले में कौन बना डीसी देखिए पूरी लिस्ट
हजारीबाग का विष्णुगढ़ नाबालिक हत्याकांड; मां की दरिंदगी और अंधविश्वास ने ली मासूम की नरबलि, कहानी पढ़ खड़े हो जाएंगें रोंगटे
असम चुनाव में JMM के दो प्रत्याशियों का नामांकन पर्चा खारिज, सरुपाथर और माकुम में झटका