रांची। झारखंड में सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों पर चौतरफा नकेल कसना शुरू कर दिया है। लोहरदगा व लातेहार की सीमा पर चल रहे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने 5-5 लाख रुपये के इनामी नक्सली बालक गंझू और सुदर्शन को गिरफ्तार किया है। इसके पास से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि हथियारों की यह बरामदगी झारखंड गठन के बाद से सुरक्षा बलों को मिली अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी है। उग्रवादियों से 23 हथियार मिले हैं। इसमें से 19 हथियार इन्होंने पुलिस से लूटे थे। इससे पहले गिरिडीह में 2018 में पीरटांड से उग्रवादियों से कुल 11 हथियार बरामद किए गए थे। वहीं दूसरी तरफ पलामू में प्रतिबंधित संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद के 6 उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
लोहरदगा में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ झारखंड जगुआर तथा कोबरा बटालियन की ओर से चलाए गए ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। झारखंड पुलिस के आईजी ऑपरेशन अमोल वी होमकर ने बताया कि इलाके में सक्रिय रविंद्र गंझू दस्ते के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में यह दोनों इनामी उग्रवादी सुरक्षा बलों के हाथ लग गए। इससे पहले ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने एक उग्रवादी को मार गिराया था। अनुमान लगाया जा रहा था कि यह बालक गंझू है लेकिन परिवार के लोगों ने इसकी पुष्टि नहीं की। आखिकार बालक अपने एक और साथी के साथ सुरक्षा बलों की गिरफ्त में आ गया। सुदर्शन पर कुल 57 और बालक पर 25 मामले दर्ज थे। सुदर्शन चतरा के प्रतापपुर तथा बालक लातेहार जिले के चंदवा के दूधी माटी का रहने वाला है।

More Stories
झारखंड में बड़े पैमाने पर IPS का तबादला, आपके जिले में कौन बना SP देखिए लिस्ट
असम चुनाव में JMM के दो प्रत्याशियों का नामांकन पर्चा खारिज, सरुपाथर और माकुम में झटका
स्वास्थ्य मंत्री ने 76 नए चिकित्सकों को सौंपा नियुक्ति पत्र, इतने नए डॉक्टर्स की बहाली जल्द